Mohan Bhagwat: 'राजा को कर्तव्य निभाना चाहिए...' पहलगाम हमले पर क्या बोले RSS प्रमुख मोहन भागवत?
Mohan Bhagwat On Pahalgam: पहलगाम आतंकी हमले को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत का एक और बयान आया है। RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि अहिंसा हमारा स्वभाव है, (Mohan Bhagwat RSS On Pahalgam) मगर कुछ लोग नहीं बदलेंगे, वह दुनिया को परेशान करते रहेंगे। उनका क्या करें? इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रजा की रक्षा करना राजा का कर्तव्य है। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने क्या कहा? जानिए...
'कुछ लोग नहीं बदलेंगे, चाहे कुछ कर लो'
कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद पूरे देश में गुस्सा है। लोग आतंक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पीएम मोदी भी स्पष्ट कर चुके हैं कि पहलगाम में आतंकी हमला करने और इसकी साजिश रचने वालों को ऐसी सजा मिलेगी, जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी। अब पहलगाम आतंकी हमले को लेकर संघ प्रमुख मोहन भागवत का बयान आया है। RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि अहिंसा हमारा स्वभाव है, हमारा मूल्य है। मगर कुछ लोग नहीं बदलेंगे। चाहे आप कुछ भी कर लो, वह दुनिया को परेशान करते रहेंगे।
'राजा को अपना कर्तव्य निभाना चाहिए'
मोहन भागवत ने कहा कि हमारी अहिंसा लोगों को बदलने, उन्हें अहिंसक बनाने के लिए है। कुछ लोग बन भी गए, मगर कुछ नहीं बने। वह इतने बिगड़े हैं कि कुछ भी करो नहीं बदलेंगे, पूरी दुनिया में उपद्रव करेंगे। RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि प्रजा की रक्षा करना राजा का कर्तव्य होता है। राजा को अपना कर्तव्य निभाना चाहिए। मोहन भागवत ने दिल्ली में एक पुस्तक के विमोचन समारोह के दौरान यह बात कही। इससे पहले संघ प्रमुख मोहन भागवत सहित कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने दो मिनट का मौन रखा और पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
'दुनिया को रास्ता दिखाना हमारी जिम्मेदारी'
RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि दुनिया दो रास्तों के बारे में सोचती है। उन्होंने दोनों रास्तों पर कदम रखा और तीसरा रास्ता चाहिए था, जो भारत के पास है। दुनिया को रास्ता दिखाना भारत की जिम्मेदारी है। यह परंपरा के रूप में भारत के पास है। आज इस पर आम सहमति की जरूरत है, क्योंकि दुनिया को नया रास्ता चाहिए। मोहन भागवत ने इससे पहले भी पहलगाम हमले की निंदा करते हुए कहा था कि यह लड़ाई धर्म और अधर्म के बीच है। यह दिखाने का समय आ गया है कि हमारा देश कितना शक्तिशाली है।
यह भी पढ़ें: Pahalgam: आतंकी हमले के बाद कश्मीर में सर्च ऑपरेशन...गुजरात से असम तक क्या एक्शन?
यह भी पढ़ें: Pahalgam Terror Attack: धर्म पूछकर मारी गई गोली? भारत न टूटेगा, न रुकेगा और न झुकेगा
.