‘औरंगजेब की कब्र का महिमा मंडन किया तो फाड़ कर रख देंगे…’, महाराष्ट्र के CM फडणवीस ने खुले मंच से भरी हुंकार
CM Devendra Fadnavis On Aurangzeb Tomb: महाराष्ट्र में मुगल शासक औरंगजेब की कब्र को लेकर विवाद (Aurangzeb Tomb Controversy) गहराता जा रहा है। विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल जैसे संगठनों ने कब्र को हटाने की मांग को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि अगर कोई औरंगजेब की कब्र का महिमा मंडन करने की कोशिश करेगा, तो उसे फाड़ कर रख दिया जाएगा।
क्या बोल गए CM फडणवीस?
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भिवंडी के शिवक्षेत्र मराडे पाडा में छत्रपति शिवाजी महाराज मंदिर के लोकार्पण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा, "छत्रपति शिवाजी महाराज के कारण ही हम इस देश में अपने इष्ट देवताओं के मंदिरों के दर्शन कर पा रहे हैं। उन्होंने देश और धर्म के लिए लड़कर स्वराज्य की स्थापना की।"
उन्होंने आगे कहा, "जिस प्रकार हनुमानजी के दर्शन के बिना भगवान श्रीराम के दर्शन पूर्ण नहीं होते, उसी प्रकार छत्रपति शिवाजी महाराज के दर्शन के बिना किसी भी देवता के दर्शन पूर्ण नहीं होते।" CM फडणवीस ने साफ शब्दों में कहा कि अगर कोई औरंगजेब की कब्र का महिमा मंडन करने की कोशिश करेगा, तो उसे फाड़ कर रख दिया जाएगा।
VHP और बजरंग दल का देशव्यापी आंदोलन
विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल ने औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। पुणे जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के सामने इन संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार से मांग की कि छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) में स्थित औरंगजेब की कब्र को हटाने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। इस मांग के पीछे का तर्क यह है कि औरंगजेब को हिंदू मंदिरों को तोड़ने और हिंदू धर्म के प्रति क्रूरता बरतने के लिए जाना जाता है। इसलिए, उनकी कब्र का महिमा मंडन करना हिंदू समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है।
औरंगजेब की कब्र पर बढ़ाई गई सुरक्षा
विवाद (Aurangzeb Tomb Controversy) बढ़ने के बाद महाराष्ट्र सरकार ने औरंगजेब की कब्र के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। कब्र के पास किसी को भी जाने से रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसबलों की तैनाती की गई है। इस कदम का उद्देश्य किसी भी तरह की हिंसा या अशांति को रोकना है।
छत्रपति शिवाजी के किलों को विश्व धरोहर बनाने की पहल
कार्यक्रम के दौरान CM फडणवीस ने यह भी घोषणा की कि केंद्र सरकार ने छत्रपति शिवाजी महाराज के 12 किलों को विश्व धरोहर स्थल के रूप में मान्यता दिलाने के लिए यूनेस्को को एक प्रस्ताव भेजा है। इनमें संगमेश्वर का वह महल भी शामिल है, जहां छत्रपति संभाजी राजे को धोखे से पकड़ा गया था। राज्य सरकार इस किले को अपने कब्जे में लेकर विकसित करने की योजना बना रही है।
औरंगजेब की कब्र पर छिड़ा सियासी महा युद्ध
औरंगजेब की कब्र को लेकर महाराष्ट्र की सियासत गर्म है। एक तरफ, हिंदू संगठन कब्र को हटाने की मांग कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ, कुछ समुदाय इसे ऐतिहासिक धरोहर मानते हैं। इस मुद्दे पर राजनीतिक दलों के बीच भी बहस छिड़ी हुई है।
यह भी पढ़ें:
वक्फ बिल के खिलाफ आज जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन, संसद सत्र में भी हंगामे के आसार