नेशनलराजनीतिमनोरंजनखेलहेल्थ & लाइफ स्टाइलधर्म भक्तिटेक्नोलॉजीइंटरनेशनलबिजनेसआईपीएल 2025चुनाव

प्राण प्रतिष्ठा के एक साल: अयोध्या में राममय माहौल, 3 दिन तक चलेंगे भव्य आयोजन

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के एक साल पूरे होने पर अयोध्या में 11 से 13 जनवरी 2025 तक आयोजित होने वाला भव्य महोत्सव, जिसमें अनुष्ठान, संगीत, प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
04:09 PM Dec 22, 2024 IST | Vibhav Shukla

अयोध्या में श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की पहली वर्षगांठ बेहद खास अंदाज में मनाई जाएगी। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा 11 से 13 जनवरी 2025 तक तीन दिवसीय भव्य आयोजन का कार्यक्रम तय किया गया है। इस दौरान पूरी अयोध्या को राममय बनाने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। महोत्सव के लिए अनुष्ठान, संगीत, प्रवचन, और धार्मिक कार्यक्रमों का पूरा खाका तैयार कर लिया गया है।

तीन दिवसीय कार्यक्रम में क्या होगा खास?

श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि यह तीन दिवसीय उत्सव अत्यंत महत्वपूर्ण होगा। 11 से 13 जनवरी तक मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे, जिनमें 18 घंटे लंबा यज्ञ शामिल होगा। हालांकि, इस यज्ञ मंडप में आम जनता का प्रवेश नहीं होगा, लेकिन लोग अन्य स्थानों पर कार्यक्रम का आनंद ले सकेंगे। यज्ञ मंडप में मंत्रों के जाप और आहुति देने का काम होगा, जो पूरी तरह से ब्राह्मणों द्वारा संपन्न किया जाएगा।

यात्री सुविधा के लिए खास इंतजाम

भव्य आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रियों के लिए एक विशेष यात्री सुविधा केंद्र भी बनाया जाएगा। यहां से लोग मंदिर और कार्यक्रम के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा, पूरे परिसर में कुर्सियों की व्यवस्था, पेयजल की सुविधा, और प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं को हर समय सुविधा देने के लिए पूरे आयोजन में खास ध्यान रखा गया है।

धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम

तीन दिन तक मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ-साथ देशभर के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा राग सेवा का आयोजन होगा। शाम के वक्त 3 से 5 बजे के बीच संगीत वाद्ययंत्रों के साथ भगवान राम को भव्य राग सेवा अर्पित की जाएगी। इस दौरान बधाई गीत भी प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही, रात्रि में संगीत के साथ श्रीराम के जीवन पर मानस पाठ किया जाएगा। इस उत्सव में अयोध्या आने वाले संतों और श्रद्धालुओं के लिए प्रवचन का भी आयोजन किया जाएगा।

अंगद टीले पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम

अयोध्या के अंगद टीले पर भी कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यहां पर विभिन्न पूजा-पाठ और रामकथा का आयोजन होगा, जो श्रद्धालुओं को ध्यानमग्न कर देगा। इस कार्यक्रम के दौरान, श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि उनका शरीर और मन दोनों पवित्र हो सकें।

कब तक बन के तैयार होगा राम मंदिर ?

चंपत राय के मुताबिक, मंदिर के निर्माण का काम तेज गति से चल रहा है, और उम्मीद है कि 2025 के अंत तक मंदिर का निर्माण पूरा हो जाएगा। मंदिर में राम का भव्य दरबार पहले तल पर स्थापित किया जाएगा। साथ ही, मंदिर के चारों ओर एक विशाल परकोटा भी बनेगा। इसके अलावा, दक्षिणी कोने में भगवान सूर्य और भगवान लक्ष्मण के मंदिर का निर्माण भी चल रहा है। इसके साथ ही मुनि वशिष्ठ, अगस्त मुनि, विश्वामित्र, तुलसी दास, निषाद राज, माता सबरी और देवी अहिल्या के मंदिर का निर्माण भी दिसंबर 2025 तक पूरा होने की उम्मीद है।

मंदिर के निर्माण में ढाई हजार से ज्यादा श्रमिक जुटे हुए हैं। चार द्वारों के निर्माण का काम भी जारी है, जहां श्रद्धालु प्रवेश करेंगे। इसके साथ ही एक ऑडिटोरियम, विश्राम गृह और एक कार्यालय भी परिसर में बनेगा। राम कथा संग्रहालय का पुनर्निर्माण भी शुरू हो गया है, ताकि भक्तों को राम की जीवन यात्रा से जुड़ी जानकारी मिल सके।

रामलला का किया जाएगा विशेष अभिषेक

11 जनवरी 2025 को दोपहर 12:20 बजे रामलला का विशेष अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद आरती का आयोजन होगा, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। अब तक, 22 जनवरी से लेकर इस तारीख तक, औसतन लगभग 80 हजार लोग रामलला के दर्शन कर चुके हैं, और यह संख्या दिन-ब-दिन बढ़ रही है।

चंपत राय ने यह भी कहा कि जिन संतों को प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में बुलाया नहीं जा सका, उनके नाम सूचीबद्ध किए जा रहे हैं और उन्हें कार्यक्रम में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा, अयोध्या में आने वाले सभी संतों को मंदिर परिसर और उसके आसपास की सभी सुविधाओं का दर्शन कराया जाएगा।

ये भी पढें-

Tags :
AyodhyacelebrationJanuary 2025Pran PratishthaRam Janmabhoomiram lallaRam Mandir

ट्रेंडिंग खबरें

Next Article