Maharashtra Budget 2025: 16 लाख नई नौकरियों से लेकर मुंबई एयरपोर्ट तक, जानिए क्या है खास?
महाराष्ट्र बजट 2025-26: महाराष्ट्र के वित्त मंत्री अजित पवार ने सोमवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश किया। यह उनका 11वां बजट है, और इसमें राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, बुनियादी ढांचे के विकास और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है। इस बजट में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं, जो महाराष्ट्र के विकास को नई दिशा देने वाली हैं।
अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का प्रयास
अजित पवार ने बजट पेश करते हुए कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए चार प्रमुख कारकों पर ध्यान देना जरूरी है। इनमें सरकारी और निजी निवेश, उपभोक्ता खर्च, निर्यात और रोजगार सृजन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बुनियादी ढांचे में सरकारी निवेश और उद्योगों को दिए गए प्रोत्साहनों से राज्य में प्रत्यक्ष घरेलू और विदेशी निवेश बढ़ा है।
इससे उत्पादन, रोजगार और आय में वृद्धि हुई है। साथ ही, विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा होने से खरीदने की शक्ति में भी बढ़ोतरी हुई है।
बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर
बजट में बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। मुंबई में वधावन पोर्ट के पास तीसरे एयरपोर्ट का प्रस्ताव रखा गया है। इसके लिए ₹76,000 करोड़ खर्च किए जाएंगे, जिसमें महाराष्ट्र की 26% हिस्सेदारी होगी। इसके अलावा, वर्धा जिले के पावना से सिंधुदुर्ग जिले की पात्रा देवी तक 760 किलोमीटर लंबा शक्तिपीठ हाईवे बनाया जाएगा। इस पर ₹86,300 करोड़ खर्च होंगे। खपोली-खंडाला लिंक रोड का काम अगस्त 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
व्यापार और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
महाराष्ट्र बजट 2025-26 में व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। BKC, वर्ली, वडाला, गोरेगांव, खारघर और विरार में वर्ल्ड क्लास ट्रेडिंग सेंटर्स बनाए जाएंगे। इनका उद्देश्य MMR (मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन) की अर्थव्यवस्था को 2047 तक 140 बिलियन डॉलर से बढ़ाकर 1.5 ट्रिलियन डॉलर करना है। नागपुर में अर्बन हट सेंटर स्थापित किया जाएगा, और उद्योगों की मंजूरी के लिए मैत्री वेब पोर्टल शुरू किया जाएगा।
रोजगार से लेकर निर्यात को प्रोत्साहन
रोजगार सृजन और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए भी बजट में कई योजनाएं शामिल हैं। महाराष्ट्र की नई औद्योगिक नीति 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश और 50 लाख रोजगार पैदा करने पर केंद्रित होगी। 2023-24 में 5,56,379 करोड़ रुपये मूल्य के उत्पादों का निर्यात किया गया, जबकि 2024-25 में नवंबर 2024 तक 3,58,439 करोड़ रुपये मूल्य के उत्पादों का निर्यात हुआ।
'समृद्धि हाईवे का काम भी लगभग पूरा': अजित पवार
अजित पवार ने बताया कि समृद्धि हाईवे का 99% काम पूरा हो गया है। यह हाईवे महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों को जोड़ेगा और आर्थिक विकास को गति देगा। इस हाईवे के पूरा होने से यातायात सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, यह परियोजना राज्य के दूरदराज के इलाकों को मुख्यधारा से जोड़कर वहां के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बजट में यूपी के आगरा का जिक्र क्यों?
अजित पवार ने कहा कि मुगलों की नजरबंदी से आगरा से भागना शिवाजी के जीवन का एक प्रेरणादायक वाक्या है। महाराष्ट्र सरकार ने अब उस स्थान पर एक भव्य स्मारक बनाने का फैसला लिया है जहां छत्रपति शिवाजी महाराज को नजरबंद किया गया था। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें:
मोहम्मद शमी के रोजा न रखने पर पूरे देश में मचा है बबाल! जानिए क्या कहता है इस्लाम और उसके विद्वान?