कर्नाटक में हम्पी के पास गैंगरेप और हत्या का मामला, इजराइली महिला समेत पर्यटकों पर जघन्य हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
कर्नाटक के हम्पी हेरिटेज साइट के पास एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। गुरुवार रात को हम्पी के पास एक इजराइली महिला और दो अन्य महिलाओं के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया। इसके साथ ही, पर्यटकों के साथ आए एक शख्स की शनिवार सुबह लाश बरामद हुई है। पहले उसे लापता बताया गया था, क्योंकि आरोपियों ने उसे झील में फेंक दिया था।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक अभी भी फरार
इस मामले में पुलिस ने तीन में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मल्लेश उर्फ हांडी मल्ला और चेतन साई सिलेक्यतर के रूप में हुई है। ये दोनों गंगावती तालुका के साईनगर के रहने वाले हैं। हालांकि, तीसरा आरोपी अभी भी फरार है और उसे ढूंढने की कवायद जारी है।
कई धाराओं में केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
गैंगरेप की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और कोप्पल जिले के अनेगुंडी क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रेप, डकैती, मारपीट और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। यह क्षेत्र बैकपैकर्स के बीच काफी लोकप्रिय है। पुरुष पर्यटकों में से एक अमेरिका से था, जबकि अन्य ओडिशा और महाराष्ट्र के निवासी थे।
होमस्टे में ठहरे थे पर्यटक
पुलिस के अनुसार, इलाके के होमस्टे में इजराइल की एक महिला और तीन अन्य पुरुष पर्यटक ठहरे हुए थे। घटना गुरुवार की रात करीब 11 बजे हुई, जब डिनर करने के बाद होमस्टे संचालक 29 वर्षीय महिला, इजराइली नागरिक और तीनों पुरुष पर्यटक झील के किनारे बैठकर संगीत सुन रहे थे। इसी समय वहां मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग उनके पास पहुंचे और पूछा कि पेट्रोल कहां मिलेगा। जब उन्हें बताया गया कि आसपास कोई पेट्रोल पंप नहीं है, तो आरोपियों ने उनसे 100 रुपए मांगे।
पैसे नहीं देने पर पर्यटकों को झील में धकेला
जब पर्यटकों ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो कन्नड़ और तेलुगु बोलने वाले आरोपियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने तीनों पुरुष पर्यटकों को झील में धक्का दे दिया और महिला तथा इजराइल की पर्यटक के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। घटना में झील में धकेले गए तीन में से दो पर्यटक घायल हो गए, जबकि एक लापता बताया गया था। शनिवार सुबह उसकी लाश बरामद हुई है। मृतक ओडिशा का निवासी बताया जा रहा है।
आरोपियों ने लूटे पैसे और मोबाइल
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि गैंगरेप की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पर्यटकों के मोबाइल फोन और उनके पास रखे कुछ पैसे भी लूट लिए थे। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और तीसरे आरोपी की तलाश में लगी हुई है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपियों ने घटना को अंजाम देने के लिए पर्यटकों के पास पहुंचे थे और इसकी प्री-प्लानिंग थी या फिर झील किनारे जो कुछ भी हुआ वो अचानक हुआ।
पर्यटक सुरक्षा पर सवाल, कर्नाटक सरकार पर दबाव
इस घटना ने एक बार फिर से पर्यटक सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हम्पी जैसा ऐतिहासिक स्थल, जो दुनिया भर के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है, वहां ऐसी घटना का होना चिंताजनक है। अब कर्नाटक सरकार और पुलिस प्रशासन पर यह सुनिश्चित करने का दबाव है कि ऐसी घटनाओं को दोबारा न होने दिया जाए।
पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिमाकत करने से पहले सौ बार सोचे।
क्या कहती है पुलिस?
पुलिस ने बताया कि वे इस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि तीसरे आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए सभी संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया है कि पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए।
ये भी पढ़ें:मणिपुर में बवाल! शांति मार्च पर लाठीचार्ज, आगजनी और पथराव से सहमा कांगपोकपी जिला