Corona Crisis: कोरोना लॉकडाउन के 5 साल, संघर्ष और सबक की एक झलक
Corona Crisis: आज से ठीक पांच साल पहले, 24 मार्च 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में 21 दिनों के पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की थी। कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए लिया गया यह फैसला भारत के इतिहास में अभूतपूर्व था। उस वक्त देश में कोरोना संक्रमण के मामले 500 के पार पहुंच चुके थे और हर किसी के मन में डर और अनिश्चितता थी।
कैसे फैला था कोरोना वायरस?
कोरोना वायरस का पहला मामला 31 दिसंबर 2019 को सामने आया था, जब चीन ने वुहान शहर में एक अज्ञात बीमारी की जानकारी विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) को दी। जल्द ही यह वायरस दुनिया भर में फैल गया। जनवरी 2020 में WHO ने इसे अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया और 11 मार्च 2020 को कोरोना को महामारी (Pandemic) घोषित कर दिया। इसके बाद मार्च के अंत तक 100 से ज्यादा देशों में लॉकडाउन लग गया। कुछ देशों ने पूर्ण लॉकडाउन किया, तो कुछ ने आंशिक। दिसंबर 2020 तक कई वैक्सीन तैयार हुईं और दुनिया को इस वायरस से लड़ने में मदद मिली।
भारत में लॉकडाउन की शुरुआत
भारत में कोरोना का पहला मामला जनवरी 2020 में सामने आया था। केस बढ़ने के साथ ही सरकार ने सख्त कदम उठाने शुरू किए। 22 मार्च 2020 को 'जनता कर्फ्यू' लगाया गया, जो पूरी तरह स्वैच्छिक था। इसके बाद 24 मार्च 2020 को प्रधानमंत्री मोदी ने 21 दिन के देशव्यापी लॉकडाउन का ऐलान किया। यह लॉकडाउन कई चरणों में बढ़ता चला गया और करीब 68 दिन तक देश पूरी तरह बंद रहा। इस दौरान लोगों की दिनचर्या से लेकर देश की अर्थव्यवस्था तक सब थम गया।
लॉकडाउन में क्या-क्या रहा बंद?
- यातायात पूरी तरह ठप: बस, ट्रेन और हवाई सेवाएं पूरी तरह बंद रहीं।
- बाजार और मॉल बंद: सिर्फ जरूरी सेवाएं ही चालू रहीं।
- उद्योगों और फैक्ट्रियों पर ताला: जिससे लाखों लोगों की रोजी-रोटी छिन गई।
- शिक्षा व्यवस्था चरमराई: स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर सब बंद, ऑनलाइन पढ़ाई का चलन बढ़ा।
- मनोरंजन जगत ठप: सिनेमा हॉल और शूटिंग बंद हो गई।
- सामाजिक और धार्मिक गतिविधियां रुकीं: शादियों, धार्मिक आयोजनों पर रोक लग गई।
कोरोना ने भारत में मचाई कैसी तबाही?
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में कोरोना से अब तक 5,33,664 लोगों की मौत हुई, जो कुल संक्रमित मामलों का 1.18% है।
- कुल संक्रमित: 4,50,44,636 लोग
- स्वस्थ हुए: 4,45,10,969 लोग (98.82%)
- वर्तमान में सक्रिय मामले: मात्र 3
- कुल टीकाकरण: 220 करोड़ से अधिक
दुनियाभर में कोरोना का असर
- कुल संक्रमित: 70 करोड़ 47 लाख से अधिक
- मौतें: 70 लाख से ज्यादा
- ठीक हुए लोग: 67 करोड़ 56 लाख से ज्यादा
सबक और भविष्य
कोरोना महामारी ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया। यह दौर याद दिलाता है कि किसी भी आपदा के सामने हम कितने लाचार हो सकते हैं। लेकिन साथ ही यह भी दिखा कि एकजुट होकर हम किसी भी संकट का सामना कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: कौन हैं 31 साल के अरविंद श्रीनिवास, जिनकी AI कंपनी अमेरिका में खरीद सकती है TikTok?
.