Delhi Budget Live Update: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश (Delhi Budget Session 2025) कर रही हैं। सीएम रेखा गुप्ता दिल्ली में 27 साल बाद सत्ता में आई बीजेपी सरकार का पहला बजट पेश कर रही है। बजट कई मायने में खास होने वाला है। दिल्ली में पहली बार 1 लाख करोड़ का बजट (Delhi Budget Live) पेश हो रहा है।
खराब अर्थव्यवस्था से विकसित दिल्ली में बदलाव का बजट- CM रेखा गुप्ता
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए कहा, "यह कोई साधारण बजट नहीं है। दिल्ली और पूरा देश इसे देख रहा है। सभी को नई सरकार से बहुत उम्मीदें हैं। यह बजट सिर्फ हिसाब-किताब नहीं है; यह खराब अर्थव्यवस्था से विकसित दिल्ली में बदलाव का बजट है। इस साल दिल्ली सरकार का बजट 1 लाख करोड़ रुपये का है। यह बजट ऐतिहासिक है। हम 1 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश कर रहे हैं। यह पिछले साल की तुलना में 31.5 फीसदी अधिक है।"
ये भी पढ़ें: Kunal Kamra Summoned: कॉमेडियन कुणाल कामरा को मज़ाक पड़ा भारी, मुंबई पुलिस ने भेजा समन
दिल्ली के नागरिकों को मिलेगा योजना का लाभ- CM रेखा गुप्ता
March 25, 2025 3:33 pm
Delhi Budget 2025: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा बयान दिया है। सीएम ने कहा, "पिछली सरकार ने रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को सिस्टम में लाने की कोशिश की। लेकिन, इन योजनाओं का लाभ केवल उसे ही मिले जो दिल्ली का नागरिक है। दिल्ली के नागरिक पर ही राजस्व खर्च हो। किसी ऐरे गैरे पर नहीं। सभी योजनाओं का सत्यापन होगा।"
दिल्ली बजट 2025-26 की बड़ी बातें
March 25, 2025 3:01 pm
Delhi Budget 2025: एक नजर डालते हैं बजट की बड़ी बातों पर, आखिर बजट में आपके लिए क्या खास है? दिल्ली में कैपिटल एक्सपेंडिचर में लगभग दोगुनी कीगई। पिछले बजट में कैपिटल एक्सपेंडिचर 15,000 करोड़ रुपए था, इस बजट में बढ़ाकर 28,000 करोड़ किया गया। केंद्र के जन आरोग्य योजना में 5 लाख रुपए और जोड़कर दिल्ली सरकार देगी। अब 10 लाख का कवर। महिला समृद्धि योजना के लिए 5100 करोड़ रुपए का आवंटन। महिला सुरक्षा के लिए 50,000 अतिरिक्त CCTV लगाने की तैयारी। शहरी परिवहन क्षेत्र के लिए 12952 करोड़ का बजट। दिल्ली में जलभराव को खत्म करने के लिए 603 करोड़ का बजट। दिल्ली के बेड़े में 2025-2026 में 5000 इलेक्ट्रिक बस शामिल करने की कोशिश। दिल्ली में होमगार्ड की संख्या 10,000 से बढ़ाकर 25,000 कर दी गई। 100 जगहों पर अटल कैंटीन खोलेंगे, 100 करोड़ का प्रावधान। दिल्ली में गर्भवती महिलाओं के पोषण के लिए 210 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित। दिल्लीवासियों को स्वच्छ पानी देने के लिए 9000 करोड़ रुपए का प्रस्ताव। दिल्ली में पानी चोरी को रोकने के लिए इंटेलिजेंट मीटर लगाने का ऐलान। चोरी रोकने के लिए हरियाणा से मुनक नहर से आने वाले पानी को अब पाइप लाइन से लाया जाएगा। दिल्ली में जल्द लागू होगी आयुष्मान योजना। JJ कॉलोनी के विकास के लिए 696 करोड़ का आवंटन। पर्यावरण और वन लिए 500 करोड़ का बजट। दिल्ली में 2 साल में एक बार ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन। दिल्लीवासियों को स्वच्छ पानी देने के लिए 9000 करोड़ रुपए का बजट। दिल्ली में टैंकर फर्जीवाड़े को खत्म करने के लिए लगाए जाएंगे GPS। कोर्ट की बेहतरी के लिए दिल्ली सरकार 200 नए कोर्ट रुम बनाएगी, इसके लिए 490 करोड़ का प्रावधान। अभी 690 कोर्ट रुम हैं। नई औद्योगिक नीति और नई वेयर हाउस की नीति लाएगी दिल्ली सरकार। नरेला में एजुकेशन हब बनाने का ऐलान। इसके लिए 500 करोड़ का प्रस्ताव। 175 सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर लैब बनाए जाएंगे। दिल्ली में स्मार्ट क्लास के लिए 100 करोड़ का बजट। 10 वीं पास 1200 बच्चों को फ्री में लैपटॉप देनमे का ऐलान। दिल्ली में 1000 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र बनाने का ऐलान। मैथिली और भोजपुरी एकेडमी का बजट दोगुना कर दिया गया।
पर्यावरण और वन विभाग के लिए 506 करोड़ का बजट
March 25, 2025 2:12 pm
Delhi Budget 2025: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट पेश करते हुए कहा, दिल्ली की वर्तमान सरकार क्लाइमेट चेंज एयर क्वालिटी पर काम करेगी। हमारी सरकार ने पर्यावरण और वन विभाग के लिए 506 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया है। दिल्ली पार्क समिति गार्डन योजना बनाई जाएगी। इस योजना के तहत पार्कों के रखरखाव के लिए 20 करोड़ रुपए का फंड प्रस्तावित है। हमने दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है।"
महिलाओं को पिंक टिकट से मिली आजादी!
March 25, 2025 2:05 pm
Delhi Budget 2025: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने बजट पेश करने के दौरान कहा, हम महिलाओं के लिए कार्ड बनाएंगे, ताकि हर महिला को पिंक टिकट लेने की आवश्यकता नहीं होगी। दिल्ली की महिलाओं का कार्ड बनेगा, जिससे वो फ्री बस यात्रा कर सकेंगी। इसके साथ ही हम वेलफेयर बोर्ड का भी निर्माण करेंगे। पिछली सरकार जो भ्रष्टाचार और गड़बड़ी कर रही थी वह अब नहीं चलेगी। आने वाले वर्षों में दिल्ली वादों की नहीं इरादों की राजधानी बनेगी। इस बजट में ऊंचाई भी है और गहराई भी है।"
ट्रांसपोर्ट सेक्टर के लिए 12,952 करोड़ रुपए
March 25, 2025 2:00 pm
Delhi Budget 2025: बजट 2025-26 में दिल्ली में ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर भी खासा ध्यान दिया गया है। बजट पेश करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "दिल्ली में 2000 से ज्यादा इलेक्ट्रिक बसे हैं। दिल्लीवासियों को 5000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें दी जाएंगी। पिछली सरकार दिल्ली मेट्रो के चौथे फेस की देरी के लिए जिम्मेदार है। दिल्ली मेट्रो के लिए 2929 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है। ट्रांसपोर्ट सेक्टर के लिए बजट में 12,952 करोड़ रुपए का फंड प्रस्तावित है।"
बजट पर ये क्या बोल गईं दिल्ली की पूर्व CM आतिशी?
March 25, 2025 1:49 pm
Delhi Budget 2025: दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा, "क्या यह अच्छी बात है कि वे कह रहे हैं कि वे दिल्ली की वित्तीय स्थिति की समीक्षा के साथ बजट बना रहे हैं? मुझे लगता है कि इसका मतलब यह है कि दिल्ली सरकार खुद स्वीकार कर रही है कि उन्होंने इस बजट को बनाने के लिए कोई विश्लेषण नहीं किया है। यह आश्चर्यजनक है कि बिना आर्थिक सर्वेक्षण के बजट कैसे बना दिया गया। आज तक हमने किसी भी सरकार को बिना आर्थिक सर्वेक्षण के बजट बनाते नहीं देखा है।"
दिल्ली में बिजली पर 3847 करोड़ खर्च करने का प्रस्ताव
March 25, 2025 1:45 pm
Delhi Budget 2025: बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "हमारी सरकार बिजली पर 3847 करोड़ रुपए खर्च करने वाली है। दिल्ली को बिजली तारों के जाल से मुक्त करवाने की तैयारी है। इसके साथ ही सोलर एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार से साझेदारी कर सब्सिडी बढ़ाई जाएगी। दिल्ली के फायर फाइटिंग सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए 110 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित है। छोटी दमकल गाड़ियों को तैनात करेंगे, ताकि वह छोटी-छोटी जगहों पर जाकर आग बुझा सके। सीपी फायर स्टेशन मुख्यालय को भी बेहतर बनाने की योजना है। इसके अलावा दिल्ली में होमगार्ड की संख्या बढ़ाकर 25000 करने की तैयारी है।"
दिल्ली में इरीगेशन और फ्लड कंट्रोल के लिए 603 करोड़- CM रेखा गुप्ता
March 25, 2025 1:30 pm
Delhi Budget 2025: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने बजट पेश करते हुए समय-समय पर पिछली सरकार पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा, "पिछली सरकारों की नाकामी की वजह से दिल्ली में बाढ़ की नौबत आई। दिल्ली में नालों की कभी भी सफाई नहीं हुई। हालांकि, इस दौरान कागजों में सब कुछ हुआ, अगर दिल्ली में नालों की सफाई होती तो जलभराव की समस्या पैदा नहीं होती। देश की राजधानी में बाढ़ आई और इसके लिए सरकार ने कोई तैयारी नहीं की। दिल्ली में खराब ड्रेनेज सिस्टम एक गंभीर समस्या है। लोग बरसात को ही खराब कहने लगे, लेकिन बरसात खराब नहीं था, पिछली सरकारों का शासन खराब था। हमारी सरकार इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इसके लिए हम लोग इरीगेशन एंड फ्लड कंट्रोल के लिए 603 करोड़ रुपए आवंटित कर रहे हैं। इस राशि से तमाम ड्रेन साफ किए जाएंगे जो कभी जीवन में साफ नहीं हुए। इसके साथ ही दिल्ली में नालों के निर्माण के लिए 150 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित है।"
नरेला में एजुकेशन हब बनाने का ऐलान
March 25, 2025 1:20 pm
Delhi Budget 2025: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "नरेला में एजुकेशन हब बनाया जाएगा। DDA ने इसके लिए 160 एकड़ जमीन आवंटित की है। एजुकेशन हब के लिए 500 करोड़ रुपए का फंड प्रस्तावित है, इसमें भारत यूनिवर्सिटी भी है जो घेवरा मोड़ पर है। इसके अलावा 1200 बच्चों को स्मार्ट लैपटॉप दिए जाएंगे। युवाओं में स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए अलग-अलग केंद्र खोलने की तैयारी है।"
दिल्ली के 100 सरकारी स्कूलों में लैंग्वेज लैब खोलने का ऐलान
March 25, 2025 1:08 pm
Delhi Budget 2025: बजट पेश करने के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने कहा है, "दिल्ली के 100 सरकारी स्कूलों में हम लैंग्वेज लैब खोलेंगे। डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम के नाम से प्रयोगशाला खोली जाएगी, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग करके अलग-अलग भाषाओं के बारे में सिखाया जाएगा। स्मार्ट क्लास बनाने के लिए 100 करोड़ का फंड प्रस्तावित है। पीएम श्री स्कूलों की तर्ज पर दिल्ली में सीएम श्री स्कूल खोले जाएंगे। इसके लिए 100 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित है। साथ ही 175 स्कूलों में नए कंप्यूटर लैब खोले जाएंगे। हमारा लक्ष्य है कि चरणबद्ध तरीके से कम से कम 7000 क्लास को कंप्यूटराइज करें। ताकि एक समय में हर क्लास को हम स्मार्ट क्लास कह सकें।"
दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं पर 6874 करोड़ रुपए होंगे खर्च
March 25, 2025 12:54 pm
Delhi Budget 2025: बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है, "स्वास्थ्य पर कुल 6874 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित है। दिल्ली के 10 से 12 अस्पतालों को 1,000 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं, जो आधे अधूरी हालत में है। आरोग्य आयुष मंदिर के लिए 320 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित है। आज अस्पतालों में बेसिक और छोटी-मोटी सुविधाएं भी नहीं हैं। पिछली सरकार ने करोड़ों रुपए खर्च कर 24 प्रोजेक्ट शुरू किया, लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ। 7 प्रोजेक्ट ऐसे हैं जिसके लिए आनन-फानन में करोड़ों रुपए खर्च किए गए, लेकिन आज उसका उपयोग कुछ नहीं है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सिस्टम को मॉडर्नाइज करेंगे, जिससे मरीजों को परेशानी न हो।"
टैंकरों में GPS सिस्टम लगाए जाएंगे
March 25, 2025 12:39 pm
Delhi Budget 2025: दिल्ली में पानी की समस्या की गंभीरता को देखते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने कहा है, "दिल्ली में पानी चोरी पर लगाम लगाई जाएगी। टैंकर माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए टैंकरों में जीपीएस सिस्टम लगाए जाएंगे।"
दिल्ली में हर 2 साल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट
March 25, 2025 12:35 pm
Delhi Budget 2025: बजट भाषण के दौरान दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "दिल्ली सरकार के द्वारा हर 2 साल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया जाएगा। हमारी सरकार नई उद्योग नीति लेकर आएगी। ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड की स्थापना की जाएगी, ताकि दिल्ली के व्यापारियों के सामने आने वाली परेशानियों की पहचान हो और उसका निराकरण किया जा सके।"
सीवेज संयंत्र विकसित करने के लिए 500 करोड़
March 25, 2025 12:28 pm
Delhi Budget 2025: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट पेश करते हुए कहा है, "... आज यमुना सीवेज और प्रदूषित पानी से जूझ रही है। हम यमुना नदी की सफाई के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह हमारे लिए सिर्फ एक नदी नहीं है; यह हमारी सांस्कृतिक विरासत है। 40 विकेन्द्रीकृत सीवेज संयंत्र विकसित करने के लिए 500 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं, ताकि कोई भी सीवेज का पानी सीधे यमुना नदी में न छोड़ा जाए।"
महिलाओं की सुरक्षा के लिए 50,000 से अधिक कैमरे लगाने का ऐलान
March 25, 2025 12:26 pm
Delhi Budget 2025: सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "...महिलाओं की सुरक्षा के लिए 50,000 से अधिक कैमरे लगाए जाएंगे। सड़क और पुल के बुनियादी ढांचे के लिए 3843 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। झुग्गी-झोपड़ियों और जेजे कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के लिए 696 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।"
दिल्ली में इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करना हमारा उद्देश्य- सीएम रेखा
March 25, 2025 12:25 pm
Delhi Budget 2025: सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "...दिल्ली हमें ऐसे तरीके से सौंपी गई, जिसमें कोई इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं था। हमारा उद्देश्य दिल्ली में इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करना है। अब दिल्ली की चर्चा होगी, लेकिन सिर्फ ट्रैफिक जाम के लिए नहीं। क्षतिग्रस्त सड़कों, ट्रैफिक जाम और अधूरे प्रोजेक्ट की वजह से यह महानगर अराजकतावादी राजधानी में तब्दील हो गया। सरकारी प्रोजेक्ट से ज्यादा पैसा राष्ट्रीय विज्ञापनों पर खर्च किया गया।"
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में को लेकर बड़ा ऐलान
March 25, 2025 12:23 pm
Delhi Budget 2025: दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा, "प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में केंद्र सरकार के 5 लाख रुपए के साथ दिल्ली सरकार टॉप अप करके 5 लाख और यानी हेल्थ इंश्योरेंस 10 लाख रुपए करने जा रहे हैं। इस योजना के लिए हमने 2144 करोड़ रुपए आवंटित करने का प्रस्ताव है।"
आम आदमी पार्टी पर बरसीं CM रेखा गुप्ता
March 25, 2025 12:19 pm
Delhi Budget 2025: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली की पिछली आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, "पिछली सरकार ने योजनाओं पर जितना खर्च नहीं किया उससे ज्यादा उसके विज्ञापन पर खर्च कर दिया। आप ने अपने लिए शीश महल बनवाया, हम गरीबों के घर बनाएंगे। बहुत फर्क है आप में और हममें। आपने अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया, हम अधिकारियों के साथ सामंजस्य स्थापित करके काम करेंगे। आप हाथ की सफाई जानते हो, कूड़े के पहाड़ तो हमें ही उठवाने हैं। आप बातें बनाते थे, हम विकसित दिल्ली बनाएंगे। कुछ देर की खामोशी है, फिर शोर भी आएगा। कभी तुम्हारा दौर आया था, अब हमारा दौर आएगा। जहां उद्योग फलते फूलते हैं, वहां निवेश आता है।"
गरीबों के लिए 100 जगहों पर कैंटीन
March 25, 2025 12:13 pm
Delhi Budget 2025: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है, "भोजन हर इंसान की बुनियादी जरूरत है। हम स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी वर्ष पर दिल्ली में 100 जगहों पर अटल कैंटीन खोलेंगे। इसके लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान प्रस्तावित है। "
दिल्ली में महिला समृद्धि योजना के लिए 5100 करोड़
March 25, 2025 12:11 pm
Delhi Budget 2025: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने बजट पेश करते हुए कहा है, "महिला समृद्धि योजना के लिए 5100 करोड़ रुपए का प्रावधान प्रस्तावित है। हमारी सरकार झुग्गी बस्तियों में, अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के लिए भी समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करेगी। पिछली सरकार की फाइनेंशियल मिसमैनेजमेंट की वजह से 2024-25 को घटाकर 69 हजार करोड़ रुपए करने का प्रस्ताव रखा गया है।"
दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना लागू करने का ऐलान
March 25, 2025 12:07 pm
Delhi Budget 2025: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट पेश करते हुए कहा, "पिछली सरकार (आम आदमी पार्टी) की नीतियों की वजह से दिल्ली की जनता त्रस्त रही। पिछली सरकार ने दिल्ली की अर्थव्यवस्था को दीमक की तरह खोखला कर दिया। हमारे 1 लाख करोड़ के बजट में कैपिटल एक्सपेंडिचर को दोगुना कर दिया गया है। पिछली बार 15 हजार करोड़ की तुलना में 28 हजार करोड़ का कैपिटल एक्सपेंडिचर का आवंटन है। आयुष्मान भारत योजना दिल्ली में लागू नहीं होने दिया गया। क्योंकि, पिछले मुख्यमंत्री को इस पर अपना नाम चाहिए था। आयुष्मान भारत योजना जल्द दिल्ली में लागू हो जाएगी।"
बजट में सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास- CM
March 25, 2025 12:01 pm
![]()
Delhi Budget 2025: CM रेखा गुप्ता ने बजट पेश करते हुए कहा, "एक ऐसी दिल्ली जो गौरवशाली इतिहास और उज्ज्वल भविष्य का संगम बने, ऐसा बजट प्रस्तुत किया जाएगा। दिल्लीवासियों और मां यमुना को नमन करते हुए पूरी जिम्मेदारी को स्वीकार करते हुए इसे समुचित निभाने का संकल्प करती हूं। सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास जैसे सिद्धांतों पर यह बजट आधारित है। दुख होता है कि पिछले 10 सालों में विकास के हर पैमाने पर दिल्ली लगातार फिसलती चली गई। जर्जर सड़कें, दूषित यमुना, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति, वायु प्रदूषण बेहद चिंताजनक है।"
दिल्ली विधानसभा में मोदी-मोदी के नारे
March 25, 2025 11:54 am
Delhi Budget 2025: दिल्ली विधानसभा में बजट पेश करते समय सदन में बीजेपी विधायक मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे। सदन में नारे लगाने के चलते सीएम रेखा गुप्ता को कुछ देर तक अपना बजट भाषण बीच में ही रोकना पड़ा। बता दें कि, दिल्ली विधानसभा बजट सत्र 2025 के दूसरे दिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट भाषण पढ़ना शुरू किया। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री को भाषण शुरू करने को लेकर जानकारी दी।