व्हाइट हाउस ने ‘Illegal Alien’ टैग के साथ जारी किया अवैध माइग्रेंट्स का Video, मस्क बोले- ‘WOW’
अमेरिका का राष्ट्रपति बनने के बाद से ही डोनाल्ड ट्रंप अवैध प्रवासियों को लेकर काफी शक्ति दिखाई दे रहे हैं। भारत सहित कई देशों के अवैध माइग्रेंट्स को उनके देश वापिस भेजा जा चुका है।अमेरिका द्वारा हथकड़ी बांधकर भेजे गए भारतीयों को लेकर पहले ही काफ़ी बबाल मचा हुआ है। इस बीच अब वाइट हाउस ने अमेरिका से जबरन डिपोर्ट किए गए प्रवासियों का एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो को व्हाइट हाउस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से साझा किया, जिससे पूरी दुनिया में इस मुद्दे को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। सबसे चौंकाने वाली प्रतिक्रिया दुनिया के सबसे अमीर शख्स और एक्स (पूर्व में ट्विटर) के मालिक एलन मस्क की रही, जिन्होंने इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "HAHA WOW"। उनके इस रिएक्शन ने विवाद को और भी बढ़ा दिया है।
हाथों में हथकड़ी और जंजीर से लिपटे दिखे अवैध माइग्रेंट्स
अमेरिकी प्रशासन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर 41 सेकंड का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें अवैध रूप से अमेरिका में रह रहे प्रवासियों को हथकड़ियों और बेड़ियों में जकड़कर देश से बाहर भेजते हुए दिखाया गया। वीडियो में एक प्रवासी व्यक्ति को पुलिस अधिकारी हथकड़ियां लगाते नजर आ रहे हैं। एयरपोर्ट पर चेन और हथकड़ियां रखी हुई दिख रही हैं, और कुछ लोग प्लेन में चढ़ते हुए नजर आते हैं, जिनके हाथों और पैरों में जंजीरें बंधी होती हैं।
बता दें कि इस वीडियो के सामने आते ही यह मुद्दा गरमा गया, क्योंकि यह पहली बार नहीं है जब अमेरिका ने अवैध प्रवासियों को इस तरह से वापस भेजा है। पहले भी अमेरिका से डिपोर्ट किए गए भारतीयों की तस्वीरें सामने आई थीं, जिनमें वे हाथों में हथकड़ियां और पैरों में बेड़ियां पहने हुए थे। इस तरह की तस्वीरों और वीडियो पर पहले भी काफी विवाद हो चुका है, लेकिन ट्रंप प्रशासन अपने फैसले पर अडिग नजर आ रहा है।
अमेरिका से डिपोर्ट किए गए भारतीय प्रवासी
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने अब तक कुल 335 भारतीय प्रवासियों को जबरन अमेरिका से बाहर निकाला है। इनमें से अधिकतर लोग पंजाब, हरियाणा, गुजरात और अन्य राज्यों से हैं, जो अवैध रूप से अमेरिका में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इन प्रवासियों को अमेरिका से निकालकर विशेष सैन्य विमानों से भारत भेजा गया।
पहला जत्था: 5 फरवरी
5 फरवरी को अमेरिकी मिलिट्री प्लेन C-147 से 104 भारतीयों को भारत भेजा गया। इस समूह में 79 पुरुष और 25 महिलाएं शामिल थीं। इन्हें अमेरिकी-मेक्सिको सीमा पर पकड़ा गया था, जब वे अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे।
दूसरा जत्था: 15 फरवरी
15 फरवरी को रात करीब 11:30 बजे दूसरा विमान अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरा, जिसमें 116 भारतीय प्रवासी थे। इनमें से अधिकतर को हथकड़ियों और बेड़ियों में जकड़कर विमान में बैठाया गया था। एयरपोर्ट पर पांच घंटे की लंबी पूछताछ के बाद इन्हें पुलिस की गाड़ियों में उनके घरों तक भेज दिया गया।
तीसरा जत्था: 16 फरवरी
16 फरवरी को तीसरा विमान अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरा, जिसमें 112 भारतीय प्रवासी थे। इस जत्थे में हरियाणा के 44 और पंजाब के 33 लोग शामिल थे। इन लोगों को करीब छह घंटे तक एयरपोर्ट पर रखा गया और फिर इन्हें उनके घर भेज दिया गया।
संबधित खबर: अमेरिका से 119 अवैध भारतीय प्रवासियों का आ रहा दूसरा जत्था, इस राज्य के सबसे अधिक लोग
एलन मस्क के रिएक्शन पर सोशल मीडिया की प्रतिक्रिया
व्हाइट हाउस द्वारा पोस्ट किए गए इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एलन मस्क ने लिखा, "HAHA WOW"। उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस को जन्म दे दिया। मस्क पहले भी डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक रहे हैं और अमेरिका में अवैध प्रवासियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के पक्ष में हैं। मस्क के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोग इसे अमेरिका की "बेरहम नीति" बता रहे हैं, जबकि कुछ ट्रंप प्रशासन के इस कदम का समर्थन कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: व्हाइट हाउस ने कहा- एलन मस्क सिर्फ एक कर्मचारी हैं, सरकारी फैसले लेने का अधिकार नहीं!