टैरिफ वार के बाद, अब 41 देशों पर ट्रैवल बैन की तैयारी में अमेरिका! आखिर क्या चाहते हैं ट्रंप?
US New Travel Policy: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने विवादास्पद फैसलों की वजह से चर्चा में हैं। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन 41 देशों पर अलग-अलग तरह के ट्रैवल बैन लगाने की तैयारी कर रहा है। इन देशों में पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे देश भी शामिल हैं। अगर यह फैसला लागू होता है, तो इन देशों के नागरिकों के अमेरिकी वीजा स्थायी या अस्थायी रूप से सस्पेंड किए जा सकते हैं।
क्या है ट्रंप का प्लान?
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी प्रशासन ने 41 देशों को तीन अलग-अलग श्रेणियों में बांटा है। पहली श्रेणी में वे देश हैं, जिनके नागरिकों का वीजा पूरी तरह से सस्पेंड हो सकता है। दूसरी श्रेणी में वे देश हैं, जिनके नागरिकों के टूरिस्ट, स्टूडेंट और कुछ अन्य प्रकार के वीजा सस्पेंड किए जा सकते हैं। तीसरी श्रेणी में वे देश हैं, जिन्हें अमेरिका की ओर से बताई गई खामियों को दूर करने के लिए 60 दिन का समय दिया जाएगा। अगर ये देश समय सीमा के भीतर खामियों को दूर नहीं करते हैं, तो उन पर भी आंशिक बैन लगाया जा सकता है।
पहली श्रेणी: फुल वीजा सस्पेंशन
इस श्रेणी में कुल 10 देश शामिल हैं। इन देशों के नागरिकों का वीजा पूरी तरह से सस्पेंड किया जा सकता है। ये देश हैं- अफगानिस्तान, क्यूबा, ईरान, लीबिया, नॉर्थ कोरिया, सोमालिया, सूडान, सीरिया, वेनेजुएला और यमन।
दूसरी श्रेणी: आंशिक वीजा सस्पेंशन
इस श्रेणी में कुल 5 देश शामिल हैं। इन देशों के नागरिकों के टूरिस्ट, स्टूडेंट और कुछ अन्य प्रकार के वीजा सस्पेंड किए जा सकते हैं। ये देश हैं- इरीत्रिया, हैती, लाओस, म्यांमार और साउथ सूडान।
तीसरी श्रेणी: 26 देशों को 60 दिन का समय
इस श्रेणी में कुल 26 देश शामिल हैं। अमेरिका की ओर से इन देशों को 60 दिन का समय दिया जाएगा। अगर ये देश समय सीमा के भीतर खामियों को दूर नहीं करते हैं, तो उन पर भी आंशिक बैन लगाया जा सकता है। ये देश हैं- अंगोला, एंटीगुआ और बारबुडा, बेलारुस, बेनिन, भूटान, बुर्किना फासो, काबो वर्डे, कंबोडिया, कैमरून, चाड, डेमोक्रैटिक रिपब्लिक ऑफ कॉन्गो, डोमिनिका, इक्वीटोरियल गुयाना, गांबिया, लाइबेरिया, मलावी, मॉरीतानिया, पाकिस्तान, रिपब्लिक ऑफ कॉन्गो, सेंट किट्स एंड नेविस, सेंट लूसिया, साओ टोम एंड प्रिंसिप, सिएरा लिओन, ईस्ट टिमोर, तुर्कमेनिस्तान और वानुआतु।
पहले भी लगा चुके हैं ट्रैवल बैन
बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में भी 7 इस्लामिक देशों पर ट्रैवल बैन लगाया था। इस बैन को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने भी सही ठहराया था। हालांकि, जो बाइडेन ने सत्ता में आने के बाद इसे वापस ले लिया था।
यह भी पढ़ें:
सुनीता विलियम्स को वापिस लाने के लिए SpaceX ने लांच किया मिशन, जानें क्या है पूरा प्लान