सऊदी अरब ने भारत सहित 14 देशों पर लगाया अस्थाई वीजा प्रतिबंध, बताया यह कारण
सऊदी अरब ने आगामी हज सीजन के मद्देनज़र 14 देशों के नागरिकों के लिए उमराह, व्यापार और पारिवारिक वीजा पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। सऊदी अरब ने यह फैसला ऐसे समय में लिया है जब हज यात्रा के लिए दुनियाभर से लाखों श्रद्धालु सऊदी अरब पहुंचने की योजना बना रहे थे। इस फैसले में केवल भारत ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान, बांग्लादेश, मिस्र, इंडोनेशिया, इराक, सहित कई अन्य देशों के नाम भी शामिल हैं।
किन देशों पर लगाया गया है यह प्रतिबंध
सऊदी अरब द्वारा यह अस्थायी वीजा प्रतिबंध उन देशों के लिए लागू किया गया है जो हज और उमराह यात्रा में बड़ी संख्या में लोग भेजते हैं। सऊदी अधिकारियों के अनुसार, यह प्रतिबंध जून के मध्य तक प्रभावी रहेगा। हालांकि, जिनके पास पहले से उमराह वीजा है, उन्हें 13 अप्रैल तक सऊदी अरब में रहने की अनुमति होगी। अब सवाल यह उठता है कि सऊदी अरब ने यह कदम क्यों उठाया?
इसलिए लगाया गया है इन देशों पर प्रतिबंध
प्राप्त जानकारी के अनसुार सऊदी अरब के अधिकारियों ने इस निर्णय के पीछे दो प्रमुख कारण बताए हैं:
- अवैध हज और उमराह गतिविधियां: कई लोग मल्टीपल-एंट्री वीजा पर सऊदी अरब आते थे और हज के दौरान अवैध रूप से इस धार्मिक यात्रा का हिस्सा बनते थे। इससे न सिर्फ भीड़-भाड़ बढ़ती थी, बल्कि सुरक्षा संबंधित गंभीर समस्याएं भी उत्पन्न होती थीं। इस कारण से हज के दौरान यात्रा के नियमों को सख्ती से लागू किया गया है।
- अवैध रोजगार: सऊदी अरब में व्यापार और पारिवारिक वीजा पर आने वाले लोग बिना अनुमति के काम करने लगते थे। इससे सऊदी के श्रमिक बाजार में असंतुलन उत्पन्न हो रहा था। इस कारण अवैध रोजगार और श्रमिक समस्याओं से निपटने के लिए यह कदम उठाया गया है।
क्या कहता है सऊदी अरब का विदेश मंत्रालय?
इस संबंध में जानकारी देते हुए सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि हज यात्रा के दौरान यात्रा नियमों को सुधारने और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अस्थायी प्रतिबंध लागू किया गया है। मंत्रालय ने यह भी आग्रह किया कि जिन देशों के लिए वीजा प्रतिबंध लगाया गया है, उनके नागरिक सख्ती से सभी नियमों का पालन करें। सऊदी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर कोई यात्री अवैध रूप से सऊदी अरब में रुका पाया गया, तो उसे पांच साल तक सऊदी अरब में प्रवेश से रोका जा सकता है।
वीजा प्रक्रिया कब से शुरू होगी?
सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्रालय ने तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए एक डिजिटल गाइड भी लॉन्च किया है, जो 16 भाषाओं में उपलब्ध है। इसमें उर्दू, अंग्रेजी, अरबी और फ्रेंच जैसी प्रमुख भाषाओं का समावेश किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि जून के मध्य तक यह प्रतिबंध समाप्त हो जाएंगे, जिसके बाद सामान्य वीजा प्रक्रिया फिर से शुरू हो जाएगी।
यह भी पढ़ें:
Waqf Amendment Bill: वक्फ संशोधन विधेयक बना कानून, राष्ट्रपति की मिली मंजूरी
हैदर बने हरी तो गफ्फार बने गोविंद, रीति रिवाज से MP में 7 मुस्लिमों ने अपनाया सनातन धर्म
.